मकान खरीद विवाद में खूनी झड़प, सीसीटीवी फुटेज से खुली परतें…..

सिटी कोतवाली क्षेत्र में मारपीट और कार में तोड़फोड़, पुलिस ने दर्ज किया मामला।
सतना के मुक्तियारगंज इलाके में मकान खरीद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया है। घटना 13 फरवरी की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के स्वामी चौक निवासी 38 वर्षीय मुकेश कुमार विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उन्होंने कमला प्रसाद विश्वकर्मा के मकान के पास नया घर खरीदा है, जहां इन दिनों मरम्मत और पुताई का काम चल रहा है। आरोप है कि कमला प्रसाद भी उसी मकान को खरीदना चाहते थे और इसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 7:40 बजे गेट पर लकड़ी रखने को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि आरोपी ने घर में घुसकर मुकेश की पत्नी कुसुमा देवी के सिर पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद उनकी कार पर पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।