मध्यप्रदेशसतना

किसानों की खाद किल्लत पर सियासत गरमाई, सांसद के पत्र पर किसानों ने उठाए सवाल! कांग्रेस ने बताया निकम्मी सरकार……

अमित मिश्रा/सतना।

सतना। प्रदेश में रासायनिक खाद की किल्लत गहराती जा रही है। बोवनी का समय होने के बावजूद किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। इस हालात पर सतना सांसद गणेश सिंह ने दुख जताया और कहा कि किसानों को लाइन में खड़े देखना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की अपील की है।

सांसद ने पत्र लिखकर खाद वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सख्त निगरानी की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का हक मिलना चाहिए और किसी भी स्थिति में उन्हें परेशान नहीं होना चाहिए।

हालांकि, कुछ किसानों ने सांसद की भावनाओं पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि देश-प्रदेश में भाजपा की सरकार है, जिले से लेकर विधानसभा और संसद तक भाजपा के मंत्री, विधायक और सांसद बैठे हैं, फिर भी समाधान क्यों नहीं हो पा रहा?

किसानों का तर्क है कि जब सांसद खुद समस्या का निदान नहीं कर पा रहे और उन्हें दुख जताना पड़ रहा है, तो वे उम्मीद किससे करें?

उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सांसद गणेश सिंह के पत्र को X पर टैग करते हुए सरकार पर तीखा निशाना साधा है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा..भाजपा के विधायक, सांसद और खुद किसान कह रहे हैं कि यह सरकार निकम्मी है। पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया- आंखें खोलो! कुछ तो बोलो! किसानों को खाद आखिर कब मिलेगी?”

खाद संकट अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है। विपक्ष इसे सरकार की नाकामी बता रहा है, वहीं किसान अभी भी राहत की प्रतीक्षा में खड़े हैं।

Related Articles

Back to top button