कांग्रेस पर बरसी भाजपा महिला मोर्चा, पुतला दहन कर जताया विरोध…..

निकाली शव यात्रा और किया पुतला दहन…..

अमित मिश्रा/सतना।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मंच कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माँ को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा महिलाओं पर दिए गए सर्वाधिक शराब पीने वाले बयान के विरोध में आज सतना में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी और आमजन शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस नेता की शव यात्रा निकाली गई एवं पुतला दहन किया गया, साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय का घेराव कर कांग्रेस की मानसिकता के प्रति तीखा आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राहुल गांधी और जीतू पटवारी को तत्काल देश की मातृशक्ति और जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। यह विरोध केवल प्रधानमंत्री की माता जी के सम्मान की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि पूरे भारत की मातृशक्ति की अस्मिता और मान-सम्मान की रक्षा के लिए है।

विरोध कार्यक्रम में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक विक्रम सिंह सहित समस्त मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

प्रदर्शन के दौरान राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि कांग्रेस की ओछी मानसिकता का विरोध करना हर नागरिक का कर्तव्य है। भारत की मातृशक्ति का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष मातृशक्ति की गरिमा और भारतीय संस्कृति के आदर्शों की रक्षा का संकल्प है।

वही महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा यादव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का ऐसा आचरण लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति दोनों के लिए कलंक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी हरकतें भविष्य में दोहराई गईं तो महिला मोर्चा और भी कड़ा आंदोलन करेगी।
विरोध के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेत्री अंजना तिवारी ने कहा मातृशक्ति के सम्मान और गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे पर कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी ही होगी।