मध्यप्रदेशसतना

जनता के लिए जननायक का जन आंदोलन…….

अमित मिश्रा, मैहर/सतना।


मैहर। पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने मैहर के घंटाघर पर विशाल जन आंदोलन की घोषणा की है। उनका कहना है कि माई का लोक दिव्य और भव्य रूप में विकसित होना चाहिए, लेकिन इसके साथ गरीबों, असहायों और वर्षों से जीवन यापन कर रहे दुकानदारों का भविष्य सुरक्षित रहना आवश्यक है।

नारायण त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर गरीबों को उजाड़ना अन्याय है। यदि विस्थापन की आवश्यकता हो तो उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदार, फुटपाथ पर रोज़ी-रोटी चलाने वाले लोग और पक्की दुकान वाले व्यापारी, सभी के लिए अलग से ठोस प्रावधान होना चाहिए ताकि उनका जीवन और परिवार प्रभावित न हो।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि माई के लोक निर्माण के दौरान हर प्रभावित परिवार को रहने का स्थान, पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। त्रिपाठी का कहना है कि धाम का विकास तभी सार्थक होगा जब इसमें आमजन की खुशहाली और सुरक्षा भी शामिल हो।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी व अधिकारी निजी स्वार्थों में लिप्त होकर गरीबों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने चेताया कि यदि यह रवैया नहीं बदला तो जनता को संगठित कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन गरीबों को हेय दृष्टि से देखना बंद करे क्योंकि वे भी समाज का हिस्सा हैं और समान अधिकार रखते हैं।

नारायण त्रिपाठी ने घोषणा की कि कल 22 सितंबर 2025 को सुबह 10 बजे घंटाघर में विशाल धरना प्रदर्शन होगा, जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


Related Articles

Back to top button