हरियाली की राह पर विंध्य विकास फोरम, संपन्न हुआ 11वां वृक्षारोपण कार्यक्रम……

सतना। समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का मूल मंत्र मानने वाली विंध्य विकास फोरम ने शहर को हरियाली की नई सौगात दी। शनिवार को कोठी रोड स्थित द लवडेल स्कूल परिसर में संस्था का लगातार 11वां वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान औषधीय और फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

संस्था ने बीते दस वर्षों में एक के बाद एक वृक्षारोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं। अब तक लगाए गए अधिकांश पौधे वृक्ष का रूप ले चुके हैं, जो फोरम के सतत प्रयासों का परिणाम है। कार्यक्रम के संयोजक और द लवडेल स्कूल के डायरेक्टर मृगेंद्र सिंह ने उपस्थितजनों और बच्चों को संबोधित करते हुए हरियाली के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सभी को पौधों की सुरक्षा और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय के बच्चों ने पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में पौधारोपण कर संस्कृति और पर्यावरण के संगम का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान फोरम के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने लगभग आधा सैकड़ा पौधे रोपे और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली।

कार्यक्रम का संचालन विंध्य विकास फोरम के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महामंत्री डॉ. गौरव प्रताप सिंह ने किया। वृक्षारोपण के उपरांत सभी अतिथियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे जिनमें विजय प्रताप सिंह, प्रदीप अवस्थी, राकेश त्रिपाठी, हरिओम गुप्ता, डॉ. पुष्पराज सिंह, योगेश शर्मा, विनय सिंह, दिनेश सिंह, गिरीश सूखेजा, प्रणय धाराधार, सुधीर रिछारिया, अमित अवस्थी सन्नू, हितेंद्र सिंह परिहार, सजीव श्रीवास्तव, संतोष सिंह, प्रमोद श्रीवास्तव, बलराम गुप्ता, उमेश त्रिवेदी, अशोक कुमार निगम सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
लगातार 11वें वृक्षारोपण के साथ फोरम ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली की राह केवल सतत प्रयासों से ही संभव है।

