खेलदेशमध्यप्रदेशसतना

गोल्डन गर्ल अस्मि भारती का वर्ल्ड चैंपियनशिप में चयन, मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण…..

मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ी अस्मि भारती ने अपने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन 12 से 17 अप्रैल तक उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित होने वाली जूनियर गर्ल्स वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।

इस उपलब्धि के साथ ही अस्मि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्थान बनाने वाली मध्यप्रदेश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।

अस्मि ने वर्ष 2021 से ताइक्वांडो में नियमित प्रशिक्षण शुरू किया और अल्प समय में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी परिचय दिया है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। इसके बाद सोनीपत में आयोजित अंतिम चयन ट्रायल में भी उन्होंने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

वर्तमान में अस्मि भोपाल स्थित म.प्र. मार्शल आर्ट अकादमी में विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां उनकी तकनीक और फिटनेस को निरंतर निखारा जा रहा है। खेल के साथ-साथ उन्होंने शिक्षा में भी संतुलन बनाए रखते हुए कक्षा 10वीं में 86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

जिला ताइक्वांडो संघ सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया है और उम्मीद जताई है कि अस्मि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन करेंगी।

अस्मि भारती……

संदीप भारती……..

Related Articles

Back to top button