घनी आबादी के बीच धधके गोदाम: सतना में दो जगह भीषण आग, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल……

सतना शहर में देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। नगर निगम सीमा क्षेत्र के भीतर घनी आबादी के बीच संचालित लकड़ी टाल और रूई गोदाम में आग भड़कने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की टीमों ने आग पर काबू पाया, लेकिन इस घटना ने शहर के भीतर संचालित ज्वलनशील गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना सेमरिया चौराहा स्थित लकड़ी टाल में हुई, जो कोलगवा थाना क्षेत्र में आता है। देर रात अचानक उठी लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

दूसरी घटना नजीराबाद में हुई, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत है। यहां संचालित रूई गोदाम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम सोहेल खान पिता मो. मजरूल खान का बताया जा रहा है। मौके पर अग्निशमन उपकरणों का अभाव पाया गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि घनी आबादी के बीच ज्वलनशील सामग्री के बड़े गोदाम संचालित होना खतरे से खाली नहीं। सवाल यह है कि क्या प्रशासन ने इन गोदामों की फायर सेफ्टी ऑडिट कराई है? यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता……