देशमध्यप्रदेशसतना

अपवाहों से बचें, बेटियों का HPV टीकाकरण कराएं, SDM शांडिल्य की चौपाल में समझाइश…..

गांव-गांव पहुंचकर भ्रांतियां दूर कर रहा प्रशासन, स्वास्थ्य सुरक्षा पर दिया जोर…

नागौद। एसडीएम नागोद अनिकेत शांडिल्य ने शनिवार को विकासखंड के ग्राम चुनहा और कोनी में आयोजित एचपीवी टीकाकरण शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर टीके को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया और लोगों को जागरूक किया।
ग्राम चुनहा में एक ग्रामीण ने सवाल उठाया कि टीका केवल 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को ही क्यों लगाया जा रहा है और इसके संभावित साइड इफेक्ट को लेकर चिंता जताई। इस पर एसडीएम ने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिकों की सलाह के आधार पर यह आयु निर्धारित की गई है, क्योंकि इस समय शरीर में गर्भाशय का विकास शुरू होता है और टीका प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर समस्या है, जिससे बचाव के लिए यह टीका कारगर है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रसव के बाद बच्चेदानी से जुड़ी समस्याएं आम होती जा रही हैं, जो गंभीर रूप ले सकती हैं।

प्रजनन क्षमता पर असर की आशंका को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और कई परीक्षणों के बाद लागू की गई है। विश्व के कई देशों में 2006 से और दक्षिण भारत के राज्यों में पिछले तीन वर्षों से इसका नियमित उपयोग हो रहा है।

एसडीएम ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही अफवाह फैलाने वालों की जानकारी प्रशासन को देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक दिव्यांग व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी इन्द्रभूषण तिवारी और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि उमेश सिंह भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button