कोठी मे बैंक से रुपए निकालते ही चोरी, सुरक्षा पर बड़ा सवाल!
आदित्य मिश्रा/आंचलिक रिपोर्टर/सतना।

सतना जिले के कोठी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
रनेही निवासी 58 वर्षीय हीरा चौधरी सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे मध्यांचल ग्रामीण बैंक से ₹20,000 निकालकर जैसे ही बाहर निकले, वैसे ही किसी अज्ञात शातिर ने उनकी रकम पार कर दी।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने कोठी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि बैंक परिसर में सीसीटीवी कैमरे ही मौजूद नहीं हैं। ऐसे में संदिग्ध की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है।
स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर खासा आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि बैंक जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम तक नहीं होना बेहद चिंताजनक है। अब क्षेत्रवासी बैंक प्रबंधन और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।