स्कूल में धमकी भरा पोस्टर, 10 लाख दो वरना बम से उड़ा देंगे, मचा हड़कंप…..

आदित्य मिश्रा /सतना।
सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय कठवरिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के नोटिस बोर्ड पर बम से उड़ाने की धमकी भरा पोस्टर चिपका मिला। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे, तो उनकी नजर नोटिस बोर्ड पर लगे एक संदिग्ध पोस्टर पर पड़ी। पोस्टर में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी और शिक्षकों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पोस्टर में यह भी लिखा गया था, अतीक मारा गया है, उसके गुर्गे नहीं। इस लाइन ने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टर को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे किसी शरारती तत्व की करतूत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सतना में जिला न्यायालय और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जिनकी जांच अभी जारी है। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, स्कूल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हेडमास्टर अरुण पांडेय ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। फिलहाल छात्र, शिक्षक और अभिभावक सभी दहशत में हैं।