प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, एक ही फंदे से नीम के पेड़ में लटके मिले……

सतना। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के मोरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां प्रेमी युगल वताये जाने वाले युवाओं ने एक ही फांसी के फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों के शव गांव के उसरहा हार स्थित जंगल में एक नीम के पेड़ पर लटके मिले, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटे पाल की पुत्री अंजली पाल बीते 29-30 मार्च की रात करीब 1:30 बजे घर से बिना बताए गायब हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
30 मार्च की रात करीब 9 बजे गांव के उसरहा हार में एक पेड़ पर अंजली पाल और रामभजन गोंड के शव एक ही फांसी के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, जिसे उनके परिजन स्वीकार नहीं कर रहे थे।
परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें इस संबंध पर आपत्ति थी, हालांकि किसी अन्य प्रकार के शक या संदेह से इनकार किया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विवेचना कर रही है।
थाना प्रभारी अजय अहिरवार ने बताया कि मामले की विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
जुनून की जिद में टूटे सपने….. यदि घटना की जानकारी सही पाई जाती है तो दो जिंदगियों के साथ दो परिवारों के सपने भी उसी फंदे पर झूल गए। माता-पिता, जो अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर फैसला लेते हैं, आज उन्हीं आंखों में सिर्फ आंसू हैं। युवाओं का जुनून और जिद, जब समझ और संवाद से दूर हो जाता है, तो खुशियां मातम में बदल जाती हैं।
यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है, प्यार में धैर्य और जीवन में संयम जरूरी है। बच्चों को चाहिए कि वे अपने माता-पिता की भावनाओं को समझें, क्योंकि एक गलत कदम सिर्फ जिंदगी नहीं, कई रिश्तों को खत्म कर देता है……