चित्रकूट में सेवा की नई कमान: डॉ. ईलेश जैन बने सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के डायरेक्टर…..

चित्रकूट। आध्यात्म और सेवा की भूमि चित्रकूट में एक युग का भावपूर्ण अवसान और नई जिम्मेदारी का संकल्प एक साथ दिखाई दिया।
सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के दिवंगत डायरेक्टर डॉ. बी.के. जैन के कार्यकाल को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते हुए, अब ट्रस्ट की कमान डॉ. ईलेश जैन को सौंपी गई है।
डॉ. बी.के. जैन का पूरा जीवन सेवा, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण रहा। उन्होंने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई दी, बल्कि ट्रस्ट को वैश्विक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में संस्था ने हजारों जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाई और हर कर्मचारी को परिवार की तरह जोड़े रखा, यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है।
इसी मजबूत नींव पर अब डॉ. ईलेश जैन आगे बढ़ रहे हैं। वर्षों से ट्रस्ट से जुड़े रहकर उन्होंने हर जिम्मेदारी को निष्ठा और दक्षता के साथ निभाया है। उनका सरल स्वभाव, गहरी समझ और सेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक कुशल प्रशासक और संवेदनशील डॉक्टर के रूप में स्थापित करता है। कोविड काल से लेकर बड़े धार्मिक आयोजनों तक, हर परिस्थिति में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें जन-विश्वास का केंद्र बनाया है।
राजेंद्र दास जी महाराज द्वारा तिलक कर उन्हें औपचारिक रूप से डायरेक्टर बनाया जाना इस बात का प्रतीक है कि ट्रस्ट परिवार ने उनकी योग्यता और नेतृत्व क्षमता पर पूर्ण विश्वास जताया है।
रामनवमी पर भरतघाट में डेढ़ लाख दीप प्रज्वलित कर उन्होंने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सेवा का यह दीपक निरंतर जलता रहेगा। यह केवल पदभार ग्रहण नहीं, बल्कि सद्गुरु की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प है, जहां अतीत का सम्मान और भविष्य का विश्वास साथ-साथ चलता है…….