खेलदेशमध्यप्रदेशरीवासतना

अंडर-18 क्रिकेट: सतना का स्वर्णिम सफर, लीग से फाइनल तक अजेय प्रदर्शन, सीधी को हराकर जीता खिताब……..

सतना की अंडर-18 क्रिकेट टीम ने शानदार खेल, अनुशासन और बेहतरीन टीम संयोजन के दम पर पूरे टूर्नामेंट में दबदबा कायम रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। टीम ने पहले लीग मुकाबले में जीत हासिल की, फिर सेमीफाइनल में सिंगरौली को एकतरफा मुकाबले में हराया और अंततः फाइनल में सीधी को 6 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनी।

रीवा के महाराजा पब्लिक स्कूल, बेला मैदान में खेले गए सेमीफाइनल में सतना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 294 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। स्वाभिमान सिंह ने 118 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि आकाश (44), आर्यन (27), हर्षित (25) और साहिल (33) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में सिंगरौली टीम सतना की घातक गेंदबाजी के सामने मात्र 60 रन पर 9 विकेट गंवा बैठी। भोवेश मिश्रा ने 5 विकेट लेकर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।

फाइनल मुकाबले में सीधी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 251 रन बनाए, जिसमें शुभ पांडे (86) और उदित राज मौर्य (36) का योगदान रहा। लक्ष्य का पीछा करते हुए सतना ने 44 ओवर में 5 विकेट खोकर 252 रन बनाकर मैच जीत लिया। हर्षित यादव (96) और आर्यन सिंह (85) ने जीत की नींव रखी, जबकि साहिल तोमर (28) और आकाश (12) ने नाबाद रहते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया।
गेंदबाजी में भूवेश मिश्रा ने 3 विकेट, आदम्य ने 2 विकेट, जबकि हर्षित और स्वप्निल ने 1-1 विकेट हासिल किए।

शानदार प्रदर्शन के लिए हर्षित यादव और आर्यन सिंह को संयुक्त रूप से “मैन ऑफ द मैच” चुना गया, वहीं आकाश चौधरी और आदम्य को “बेस्ट फील्डर” का पुरस्कार मिला।

इस पूरे अभियान की शुरुआत टीम चयन से हुई थी, जहां 15 मार्च को मऊगंज के खिलाफ मुकाबले के लिए टीम का गठन किया गया। चयन समिति में नवीन श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा और साकेत गौतम शामिल रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, प्रदर्शन और कौशल के आधार पर संतुलित टीम तैयार की।
कोच बलराम यादव और मैनेजर राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। इस सफलता का श्रेय पारदर्शी चयन प्रक्रिया, खिलाड़ियों की मेहनत, फिटनेस और बेहतरीन टीम वर्क को दिया जा रहा है।

तदर्थ कमेटी के सदस्य एवं पदाधिकारी विकल्प सिंह, राजेश कैला, रतन श्रीवास्तव, ललित खुराना, राजेश मिश्रा, प्रमोद शर्मा, उमेश तिवारी, विराग जैन, अभिनव भट्ट, डॉ. पुष्पराज सिंह, अटल श्रीवास्तव, आकांक्षु खुराना और मनोज रैकवार ने सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button