देशमध्यप्रदेशसतना

ताला सलामत, वार्ड खाली: सतना जिला अस्पताल से 4 लाख के उपकरण गायब, 4 महीने तक सोता रहा प्रबंधन……!

सतना के सरदार वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल से लाखों रुपये के मेडिकल उपकरण चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने बंद पड़े कोविड आईसीयू वार्ड में बिना ताला तोड़े प्रवेश किया और करीब 3 से 4 लाख रुपये के मॉनिटर्स व ऑक्सीजन के मेटैलिक नॉब्स पार कर दिए। और अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी पूरे चार महीने बाद लगी।

जानकारी के अनुसार ग्राउंड फ्लोर स्थित पुराने कोविड आईसीयू को दिसंबर 2025 में ऊपरी मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद नीचे वाले वार्ड को जंजीर और ताले से बंद कर दिया गया। सोमवार को जब सिस्टर इंचार्ज सामान निकालने पहुंचीं, तो गेट की जंजीर खिंची मिली। अंदर का सामान अस्त-व्यस्त था और कई मशीनों को तोड़कर उनके कीमती हिस्से निकाल लिए गए थे।

सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था पर है। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी और तीन शिफ्ट में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई? वार्ड इंचार्ज द्वारा गेट खराब होने की लिखित शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। क्या यह महज लापरवाही है या जिम्मेदारी से बचने की कोशिश?

आरएमओ डॉ. शरद दुबे के अनुसार मामले की सूचना संबंधित थाने में दे दी गई है और एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। लेकिन प्रश्न यह है कि चार महीने तक बंद वार्ड की निगरानी क्यों नहीं हुई? करोड़ों की स्वास्थ्य सेवाओं का दावा करने वाले तंत्र में यदि उपकरण ही सुरक्षित नहीं, तो मरीजों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?

Related Articles

Back to top button