खेलमध्यप्रदेशसतना

शादी के बाद भी दहेज की मांग, पूरी न होने पर पत्नी को घर से निकालान्याय के लिए सात माह से भटक रही पीड़िता…..

अमित मिश्रा सतना।

सतना। दहेज प्रथा के खिलाफ सख्त कानूनों के बावजूद महिलाओं के उत्पीड़न के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक गंभीर मामला सतना जिले से सामने आया है, जहां शादी के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता बीते सात महीनों से न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी की निवासी है। उसने वहां के पुलिस कमिश्नर (महिला विंग) और सतना पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि उसकी शादी 16 नवंबर 2024 को सतना के राजेंद्र नगर निवासी विशाल श्रीवास्तव से हुई थी। विवाह वाराणसी के एक महंगे होटल में हुआ, जिसमें लगभग 50 लाख रुपये का स्त्रीधन दिया गया। यह रिश्ता एक मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से तय हुआ था। पीड़िता के अनुसार, शादी से पहले दी गई जानकारी और वास्तविकता में काफी अंतर था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के कुछ समय बाद पति, सास-ससुर और ननद द्वारा 20 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई। मांग पूरी न होने पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी गई। आरोप है कि 22 जून 2025 को गुड़गांव में पति ने शराब के नशे में मारपीट कर रात करीब दो बजे पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता का यह भी कहना है कि उसके महत्वपूर्ण दस्तावेज, जेवर और अन्य सामान ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए। 15 जनवरी को जब वह अपने माता-पिता के साथ ससुराल पहुंची तो उसे घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा समझाइश के बावजूद ससुराल पक्ष ने कोई सहयोग नहीं किया।

मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और प्रकरण की जांच जारी है। वहीं ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। फिलहाल मामला मीडिएशन सेंटर में विचाराधीन है, जहां सुलह के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button