4 लाख की पुलिया में न लोहा, न ईमान, वन विभाग की खुली पोल….
अमित मिश्रा /सतना।

सतना। वन विभाग के मझगवां रेंज अंतर्गत एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिना लोहे का उपयोग किए एक पुलिया का निर्माण कर दिया गया। सरभंगा से घोड़ा मुखी देवीजी मार्ग के मध्य पड़ने वाले एक नाले पर बनी पुरानी पुलिया टूट चुकी थी, जिसे पुनः बनाने के लिए वर्ष 2024 में विभागीय अधिकारियों ने 4 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की थी।
चहेते लाला ने किया काम–
जानकारी के अनुसार, तत्कालीन रेंजर पंकज दुबे ने यह निर्माण कार्य अपने करीबी ठेकेदार लाला कुशवाहा को दे दिया। कुशवाहा ने पुलिया बनाने में एक ऐसा ‘नायाब’ तरीका अपनाया, जिससे पूरे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। ढोलना डालकर पुलिया खड़ी कर दी गई, लेकिन इसमें एक इंच भी लोहा नहीं लगाया गया। ऐसे निर्माण की गुणवत्ता और दीर्घायु पर गंभीर संदेह जताया जा रहा है।
पिपरीटोला बीट में हुआ काम–
यह संदेहास्पद कार्य पिपरीटोला बीट अंतर्गत वनकर्मी सचिन मिश्रा के क्षेत्र में हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने पुलिया की वास्तविकता देख कर आश्चर्य और नाराजगी जताई है। अब सवाल उठता है कि क्या 4 लाख की यह राशि वास्तव में पुल निर्माण में गई या फिर यह विभागीय मिलीभगत का एक और उदाहरण है?