मध्यप्रदेशसतना

सतीश शर्मा के निष्कासन से गरमाया सतना भाजपा का सियासी माहौल, संगठन में मचा घमासान…..

भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा का पार्टी से निष्कासन संगठन के भीतर तीखी चर्चाओं का विषय बन गया है। शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिए गए इस फैसले पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। संगठन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि शिकायतों के आधार पर निष्कासन की प्रक्रिया में जिस तेजी से कदम उठाए गए, वह असामान्य है।

पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों पर शिकायतें दर्ज होने के बावजूद निष्कासन की कार्रवाई नहीं हुई थी। उदाहरण स्वरूप, भाजपा के ही एक अन्य पूर्व जिला अध्यक्ष पर महिला द्वारा कई गंभीर आरोप लगाए गए थे, व FIR भी दर्ज की गई थी, परंतु उनके खिलाफ पार्टी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं, सतीश शर्मा को केवल शिकायतों और वायरल चैट के आधार पर निष्कासित कर दिया गया, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

संगठन से जुड़े लोगों का दबी जुबान में कहना है कि मामले की पहले जांच होनी चाहिए थी। यदि आरोप सही साबित होते, तभी निष्कासन उचित होता। कुछ का कहना है कि यह मामला भाजपा जिला अध्यक्ष के चुनाव के दौरान वायरल हुई एक चैट से भी जुड़ा है, जिसमें गंभीर आरोप लगाए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, सतना के कुछ वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सतीश शर्मा के निष्कासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संगठन के अंदरूनी हलकों में इसे एक बड़ी साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।

कई नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है, एवं कार्यकर्ताओं के बीच आक्रोश और असंतोष साफ झलक रहा है। वही जल्दबाजी में किया गया निष्कासन संगठन की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न भी लगा रहा है !

Related Articles

Back to top button