सतना रेलवे स्टेशन का रिटायरिंग रूम बंद, यात्रियों को गर्मी में हो रही भारी परेशानी, स्टेशन पुनर्विकास योजना के चलते सुविधा पर लगा ताला……..

सतना। मध्य प्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन पर पिछले एक वर्ष से रिटायरिंग रूम बंद पड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से गर्मी के इस मौसम में जब यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, रुकने और आराम करने की कोई सुविधा न होना बड़ी समस्या बन गया है।
रिटायरिंग रूम पहले यात्रियों को सस्ते और आरामदायक कमरे उपलब्ध कराता था, लेकिन अब यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करना पड़ता है या महंगे होटलों का रुख करना उनकी मजबूरी बन गई है।
जानकारी के अनुसार, मार्च 2024 में रिटायरिंग रूम को IRCTC के अधीन सौंपा गया था और रिनोवेशन का कार्य शुरू किया गया। लेकिन कुछ महीनों की कामचलाऊ मरम्मत के बाद ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया। बाद में रेलवे प्रशासन ने इसे स्टेशन पुनर्विकास योजना से जोड़ते हुए रिनोवेशन को गैर-जरूरी खर्च बताया और सुविधा पर ताला जड़ दिया।
अब रेलवे की योजना है कि स्टेशन के नए भवन के निर्माण के साथ नया रिटायरिंग रूम बनाया जाएगा, लेकिन तब तक यात्रियों को कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई है। यात्रियों और सामाजिक संगठनों ने रेलवे से मांग की है कि या तो वर्तमान सुविधा को फिर से शुरू किया जाए या अस्थायी समाधान उपलब्ध कराया जाए।