बागेश्वर धाम में बनेगा हिन्दुस्तान का पहला हिन्दूग्राम, धीरेंद्र शास्त्री ने रखी आधारशिला।

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने हिन्दुस्तान के पहले हिन्दूग्राम की आधारशिला रखी। इस ग्राम में एक हजार परिवार बसेंगे, और यह भूमि केवल अनुबंधित होगी, जिसका क्रय-विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। बागेश्वर धाम जनसेवा समिति इस भूमि को उपलब्ध कराएगी।


पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री हिन्दू राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। हिन्दू राष्ट्र ध्वज की घोषणा के बाद, अब हिन्दूग्राम बनाने की दिशा में उन्होंने बड़ा कदम उठाया है। यह हिन्दूग्राम दो वर्षों में बनकर तैयार होगा।
बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया गया, जिसमें महाराजश्री ने कन्यापूजन करते हुए हिन्दूग्राम की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा—
“हिन्दू राष्ट्र का सपना हिन्दू घर से ही शुरू होता है। हिन्दू परिवार, हिन्दू समाज और हिन्दू ग्राम बनने के बाद हिन्दू तहसील, हिन्दू जिला और हिन्दू राज्य बनेंगे, तब जाकर हिन्दू राष्ट्र की परिकल्पना साकार होगी।”
ग्राम की विशेषताएँ और नियम
- एक हजार परिवारों का बसेरा— बागेश्वर धाम जनसेवा समिति हिन्दू धर्म एवं सनातन धर्मप्रेमियों को जमीन उपलब्ध कराएगी।
- अनुबंधित भूमि— इस भूमि का क्रय-विक्रय नहीं हो सकेगा।
- बुनियादी शर्तें— इस ग्राम में रहने वालों के लिए कुछ विशेष नियम होंगे।
- भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू— पहले ही दिन दो बहनों ने भवन लेने की स्वीकृति दी और आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी की। अभी तक 50 से अधिक लोग इसमें रुचि दिखा चुके हैं।
षड्यंत्र से बचाने के लिए क्रय-विक्रय पर रोक।
बागेश्वर धाम के हिन्दूग्राम में रहने वाले लोग केवल अनुबंधित होंगे, ताकि बाहरी लोग धर्मांतरण या लालच देकर इस भूमि को खरीद न सकें। पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अक्सर लोग धर्मविरोधी ताकतों के प्रभाव में आकर संपत्तियों की खरीद-फरोख्त करते हैं, जिससे हिन्दू संस्कृति को खतरा होता है। इसी कारण हिन्दूग्राम में संपत्ति की खरीद-बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।