सतना की बेटी कंचन पटेल बनीं डिप्टी डायरेक्टर, जिले का नाम किया रोशन…..

सतना जिले के लिए गर्व का क्षण है, जहां की होनहार बेटी कंचन पटेल ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रचार प्रथम श्रेणी उपसंचालक/सहायक संचालक परीक्षा 2023 में सफलता प्राप्त कर तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत डिप्टी डायरेक्टर (उपसंचालक) पद हासिल किया है।
कंचन पटेल वर्तमान में जल संसाधन विभाग, सतना में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनका यह चयन न सिर्फ उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि जिले की बेटियों के लिए एक प्रेरणा भी है।
कंचन के पिता कमलेश सिंह पटेल, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, हिरौदी में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं। कंचन की प्रारंभिक शिक्षा ज्ञानोदय शिशु शिक्षा मंदिर, हिरौदी से हुई, जबकि माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, रहिकवारा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने उच्च तकनीकी शिक्षा एमआईटीएस, ग्वालियर से पूरी की।
कंचन पटेल ने कठिन परिश्रम, लक्ष्य के प्रति निष्ठा और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन से जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े उनके परिवार ने सदैव सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की है, जिसे कंचन ने अपने प्रयासों से नई ऊंचाई दी है।