मध्यप्रदेशसतना

भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों की गुहार: मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने सीएम से मांगा न्याय।

सतना जिले में बिजली ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा की गई भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही से पीड़ित गरीब किसानों की दुर्दशा को लेकर पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि गरीब किसानों को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए, जो अपनी पुश्तैनी जमीन गंवाने के बावजूद मुआवजे के लिए वर्षों से दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।

पूर्व विधायक ने पत्र में बताया कि ये किसान बेहद गरीब हैं और न तो कंपनी के साथ अपनी बात रख पाते हैं, न ही वकील रखने की स्थिति में हैं। अदालती प्रक्रिया की जटिलताओं और आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण वे अदालतों में अपनी बात ठीक से नहीं रख पा रहे हैं, जिससे उन्हें आज तक न्याय नहीं मिला।
उन्होंने विशेष रूप से नगौद क्षेत्र के किसानो का जिक्र किया, जो वर्षों से ट्रांसमिशन कंपनी के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। आरोप है कि पहले इन्हें मुआवजे के नाम पर छोटी राशि दी गई और फिर बड़ी राशि के लिए रिश्वतखोरी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद, अभी तक उन्हें पूरा और उचित मुआवजा नहीं मिला है।

पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे हस्तक्षेप कर इन गरीब आदिवासी किसानों को जल्द न्याय दिलाएं, ताकि वर्षों से चली आ रही इस पीड़ा का अंत हो सके।

मामला स्थानीय अदालतों से लेकर उच्च न्यायालय तक पहुंच चुका है, पर न्याय अब भी दूर है। पूर्व विधायक का कहना है कि न्याय में देरी गरीब किसानों के हक का हनन है और यह सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़ितों को न्याय और मुआवजा दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाए।

Related Articles

Back to top button