पहलगाम हमला: सुरक्षा में चूक स्वीकार, विपक्ष ने सरकार को हर कदम पर समर्थन दिया……

नई दिल्ली/पहलगाम| 24 अप्रैल 2025……..
केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्वीकार किया कि 22 अप्रैल को पहलगाम के निकट बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई थी। इस हमले में 26 टूरिस्ट की जान गई, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। घटना में 10 से अधिक लोग घायल हुए।
इस मामले को लेकर दिल्ली में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जो करीब दो घंटे तक चली। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि आईबी और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने विपक्षी नेताओं को सुरक्षा में हुई चूक के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
विपक्ष ने दिया सरकार को समर्थन
बैठक में भाग लेने वाले विपक्षी नेताओं ने सरकार से आतंक के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “हम आतंकवाद के खिलाफ सरकार के हर एक्शन के साथ हैं।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे शुक्रवार को कश्मीर के अनंतनाग जाकर हमले में घायल लोगों से मुलाकात करेंगे।
सर्वदलीय बैठक के दौरान हमले में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
सरकार की प्रतिक्रिया और अंतरराष्ट्रीय संवाद
सरकार ने आतंक के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया है। किरेन रिजिजू ने बताया, “सभी दलों ने एक स्वर में कहा कि वे कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) के फैसलों के साथ हैं।”
विदेश मंत्रालय ने जर्मनी, जापान सहित कई देशों के राजदूतों को बुलाकर घटना की जानकारी साझा की। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को जम्मू-कश्मीर न जाने की एडवाइजरी जारी की है।
दिनभर की प्रमुख घटनाएं:
- भारतीय नौसेना ने INS सूरत से सतह से समुद्र पर मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
- वायुसेना ने “आक्रमण” नाम से युद्धाभ्यास शुरू किया, जिसमें अंबाला और हाशीमारा की राफेल स्क्वॉड्रन भाग ले रही हैं।
- रूसी मीडिया ‘रशिया टुडे’ ने दावा किया कि भारत जल्द बड़ा कदम उठा सकता है।
- अमित शाह और एस. जयशंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हमले से अवगत कराया।
- सरकार ने पाकिस्तान सरकार का X (पूर्व ट्विटर) हैंडल भारत में बैन किया।
- अटारी बॉर्डर से पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी शुरू हुई।
- श्रीनगर में व्यापारियों ने विरोध में काले झंडे लगाए।