थप्पड़ कांड में तय हुए जांच बिंदु, सांसद और जिलाध्यक्ष के भी दर्ज होंगे बयान……

अमित मिश्रा/सतना।
सतना। सेमरिया चौक पर अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर सांसद गणेश सिंह द्वारा नगर निगम के संविदा कर्मचारी गणेश कुशवाहा को थप्पड़ मारने का मामला अब जांच के नए दौर में पहुंच गया है।

कांग्रेस और भाजपा के आमने-सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। सीएसपी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले के विवेचक तय कर लिए गए हैं और जांच के बिंदु निर्धारित किए गए हैं।

एसपी हंसराज सिंह ने कहा कि जांच निष्पक्ष होगी और सभी पहलुओं की विवेचना की जाएगी। इसमें सांसद, भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर निगम कर्मी और क्रेन ऑपरेटर सहित संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, और कथित जबरन बनवाए गए वीडियो की तकनीकी जांच भी कराएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो एडिट या ट्रिम तो नहीं किया गया। साथ ही क्रेन ट्रॉली की तकनीकी जांच, मशीन में संभावित खराबी या छेड़छाड़ की भी पड़ताल होगी।
पीड़ित गणेश कुशवाहा ने भाजपा के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि घटना के बाद उसे जबरन बयान दिलवाने के लिए मैहर बायपास ले जाया गया था। कांग्रेस ने सांसद पर एफआईआर की मांग की तो वहीं भाजपा ने इस घटना को सांसद और जिलाध्यक्ष की हत्या की साजिश बताया।
अब पुलिस इन्हीं विवादित बिंदुओं पर हर कोण से जांच कर रही है।