एमपी बोर्ड 12वीं परीक्षा में बेटियों का दबदबा, मैहर की प्रियल द्विवेदी बनीं प्रदेश टॉपर….

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 7 लाख 6 हजार छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें से 74.48% विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। खास बात यह रही कि इस बार लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन किया है।
मैहर जिले की प्रियल द्विवेदी ने गणित-विज्ञान समूह में 500 में से 492 अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है। वे कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमरपाटन की छात्रा हैं। प्रियल की इस सफलता पर उनके शिक्षक, परिजन और स्थानीय लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्हें बधाई देने के लिए पड़ोसी लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।
इसी जिले के हर्ष पांडेय ने 479 अंक प्राप्त कर साइंस स्ट्रीम में दूसरा स्थान हासिल किया है। निवाड़ी के दिव्य संस्कार शिक्षण संस्थान के अक्षय खरे ने कृषि समूह में 480 अंक लेकर चौथा स्थान पाया है, जबकि पीथमपुर के श्रीकृष्ण प्रताप सिंह ने विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया।
प्रियल के पिता, विद्यालय के प्राचार्य फूलचंद साकेत और स्वयं प्रियल ने इस सफलता को कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के सहयोग का परिणाम बताया।