बिजली संकट से बेहाल सतना: दो दिन में चार ट्रांसफार्मर फुंके, मिहानीपुरम में 21 घंटे अंधेरा….

सतना। भीषण गर्मी में शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बढ़ते लोड और तकनीकी गड़बड़ियों के चलते केवल दो दिनों में चार ट्रांसफार्मर फुंक गए हैं, वहीं दर्जनभर इलाकों में केबल जलने की घटनाएं सामने आई हैं। मिहानीपुरम (बांधवगढ़ कॉलोनी) में तो हालात यह रहे कि क्षेत्रवासी लगभग 21 घंटे तक अंधेरे में रहे।
शनिवार रात यहां 400 मीटर केबल जल गई। तत्काल शिकायत के बावजूद रात में केबल उपलब्ध नहीं होने के कारण सुधार कार्य नहीं हो सका। रविवार को दोपहर 12 बजे नई केबल लगाई गई, लेकिन एक घंटे में वह भी जल गई। क्षेत्रवासियों को रात 11 बजे तक राहत नहीं मिल सकी।
बिजली कंपनी के अनुसार, बीते एक सप्ताह में 7000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे तकनीकी टीम मेंटेनेंस में जुटी है, फिर भी संकट बरकरार है।
एसई पीके मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष शहर में बिजली खपत 30 प्रतिशत बढ़ी है। पहले जहां 6 लाख यूनिट प्रतिदिन खपत थी, अब यह 9 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। उमरी, विराटनगर और कामता टोला में भी ट्रांसफार्मर बदलने पड़े हैं।
शनिवार की आंधी-तूफान से देहात क्षेत्रों में 100 से अधिक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। बावजूद इसके मेंटेनेंस टीम ने दूसरे दिन आपूर्ति बहाल कर दी। मिश्रा ने बताया कि गर्मी और ओवरलोड के चलते बार-बार लाइनें ट्रिप हो रही हैं। मैदानी अमले को सतर्क किया गया है और स्थायी समाधान की कोशिशें जारी हैं।
वही भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुनील मिश्रा सहित स्थानीय लोगों ने कहा अगर बिजली नहीं आई तो पावर हाउस का करेंगे घेराव।